छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, शैक्षिक कैलेंडर 2026 का विमोचन

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, शैक्षिक कैलेंडर 2026 का विमोचन
लोरमी, 21 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन लोरमी के पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान वर्ष 2026 के शैक्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। उपमुख्यमंत्री ने संगठन की मांगों पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन देते हुए कुछ स्थानीय मांगों के शीघ्र निराकरण की सहमति प्रदान की।
प्रमुख मांगें
ज्ञापन में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया, जिनमें—
पूर्व सेवा गणना को पेंशन योग्य सेवा में शामिल करने हेतु माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्णय (WPS 647/2021 एवं WPS 2255/2021) के अनुरूप आदेश जारी करने की मांग।
अन्य राज्यों की तर्ज पर 33 वर्ष के स्थान पर 20 वर्ष की अर्हकारी सेवा पर 50% पेंशन निर्धारण का प्रावधान लागू करने की मांग।
न्यूनतम 10 वर्ष की सेवा के स्थान पर 5 वर्ष में पेंशन पात्रता तय करने की मांग, ताकि एलबी संवर्ग के शिक्षक पेंशन से वंचित न हों।
लगभग 30 हजार सहायक शिक्षकों को पदोन्नति एवं क्रमोन्नति का लाभ देने हेतु वन टाइम रिलेक्सेशन के तहत सेवा अवधि शिथिल करने की मांग।
टीईटी की अनिवार्यता से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को छूट देने तथा विभागीय सीमित परीक्षा आयोजित कर सेवारत शिक्षकों के हितों की रक्षा करने का अनुरोध।
डीएड योग्यता प्राप्त सहायक शिक्षकों के लिए 6 माह का बीएड ब्रिज कोर्स शीघ्र प्रारंभ करने की मांग।
मोबाइल ऐप के माध्यम से उपस्थिति के स्थान पर स्कूलों में बायोमैट्रिक मशीन से अटेंडेंस लागू करने का प्रस्ताव।
लोरमी में शिक्षक सदन निर्माण की मांग, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास स्थित शराब भट्ठी से हो रही परेशानी को देखते हुए कार्यालय अन्यत्र संचालित करने की मांग।
संतान पालन अवकाश पुरुष शिक्षकों को भी प्रदान करने की मांग।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संगठन सचिव रामसिंह ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष मिल्लूराम यादव, तहसील अध्यक्ष रहीम डाहिरे, लेखराम नेताम, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अन्नपूर्णा परिहार, राजा सिंह मिरी, शाबीर खान, कुंदन पात्रे, डॉ. सत्यनारायण तिवारी, कामेश्वर कश्यप, लीलाधर साहू, मुकेश वैष्णव, अमित केडी, सचिव संतोष कुमार साहू, संचालक नारायण साहू, लालसिंह राठौर, मीडिया प्रभारी युगल राजपूत सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
सकारात्मक पहल की उम्मीद
संगठन ने विश्वास जताया कि उपमुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से शिक्षकों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

अन्य खबरें