बेलमुंडी में अखंड नवधा रामायण के माध्यम से 11 सूत्रीय कार्यक्रम का संदेश, युवाओं को रोजगार व संस्कार से जोड़ने का आह्वान
बिलासपुर/बोदरी।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलमुंडी में आयोजित अखंड नवधा रामायण कार्यक्रम के माध्यम से आम जनमानस को 11 सूत्रीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर जन कल्याण पुनर्वास केंद्र मीडिया हाउस के तत्वावधान में आयोजित गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार अमर स्तंभ आर.जे. रमझाझर छत्तीसगढ़ एवं पंडित श्रवण दुबे समुद्रशास्त्री ने वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव, संस्कारों में कमी और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

पंडित श्रवण दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि आज धर्म और संस्कार मानो “कुपोषण” के शिकार हो रहे हैं, जिससे युवाओं में अवसाद और नकारात्मक सोच बढ़ रही है। इसी संदर्भ में हाल ही में तोरवा क्षेत्र में घटित नाबालिग किशोरी की आत्महत्या की दुखद घटना का उल्लेख करते हुए समाज को सचेत रहने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
गोष्ठी में युवाओं को सकारात्मक दिशा देने हेतु 11 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, स्वरोजगार, पर्यावरण संरक्षण, अल्प बचत, सामाजिक कुरीतियों पर रोक, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, गुरुकुल एवं गौशाला की स्थापना जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
इसी क्रम में क्राइम फ्री इंडिया मिशन भारत के संयुक्त कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित जनसमूह को अपराध मुक्त भारत के लिए संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तर पर गुरुकुल कोचिंग एवं जन कल्याण केंद्र स्थापित करने की योजना की जानकारी दी गई, जिससे शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का भी विकास हो सके।
गोष्ठी में आगामी संभाग स्तरीय रोजगार मेले की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि 12 एवं 13 फरवरी को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आईटीआई कोनी, बिलासपुर में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें 26 निजी कंपनियों द्वारा लगभग 4 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें फाइनेंस, एग्रीकल्चर, मेडिकल, फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी, इंश्योरेंस, ऑटोमोबाइल, ज्वेलरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध होंगे।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य बताया गया। इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, फोटो, बायोडाटा एवं शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी www.erojgar.cg.gov.in� एवं छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप से प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पंडित श्रवण दुबे एवं अमर स्तंभ आर.जे. रमझाझर द्वारा विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विशेष संदेश जारी किया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मानसिक दबाव में आकर गलत कदम न उठाएं, जीवन में हर समस्या का समाधान संभव है, आत्महत्या किसी भी समस्या का हल नहीं है।
इस आयोजन के माध्यम से समाज में संस्कार, सेवा, शिक्षा और रोजगार को एक सूत्र में पिरोकर नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया गया।
