महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 247 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद | 06 फरवरी 2026
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना महासमुंद क्षेत्र के ग्राम बनसिवनी एवं कमार डेरा में दबे पांव चल रहे अवैध महुआ शराब निर्माण के अड्डे पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर 247 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लगभग 600 किलोग्राम महुआ लाहन पाश को नष्ट किया गया, जिससे करीब 1800 लीटर महुआ शराब तैयार की जा सकती थी।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनसिवनी के कमार डेरा क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर 06 फरवरी 2026 की सुबह करीब 4 बजे महासमुंद पुलिस टीम ने रेड की कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब, लाहन पाश तथा शराब बनाने में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन एवं अन्य सामग्री बरामद की गई।
इस मामले में कुल सात आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जप्त सामग्री का विवरण:
247 लीटर कच्ची महुआ शराब (अनुमानित कीमत ₹49,400)
600 किलोग्राम महुआ लाहन पाश (अनुमानित कीमत ₹60,000)
शराब निर्माण में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा व बर्तन (अनुमानित कीमत ₹35,000)
कुल जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग ₹84,400 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
चितेश्वर महेश्वरी (42), निवासी बनसिवनी
सुकलाल कंवर (38), निवासी कमार डेरा, बनसिवनी
कन्हैया बंजारे (49), निवासी बनसिवनी
राजेश मांडले (42), वार्ड क्रमांक 08, बनसिवनी
नेतराम कमार (28), निवासी बनसिवनी
पोखन टंडन (25), वार्ड क्रमांक 08, बनसिवनी
तोष कुमार (35), निवासी बनसिवनी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

अन्य खबरें