नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की सक्रिय भूमिका, पार्टी चुनाव में सहभागिता और मंत्रालयी कार्यों की समीक्षा
नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की सक्रिय भूमिका, पार्टी चुनाव में सहभागिता और मंत्रालयी कार्यों की समीक्षा

नई दिल्ली।
आवास एवं शहरी मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आज राजधानी दिल्ली में संगठनात्मक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण गतिविधियों में सहभागिता की।
केंद्रीय मंत्री श्री साहू ने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ वर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नबीन के नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि ऐसी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आंतरिक लोकतंत्र को और सुदृढ़ करती हैं।

इसी क्रम में श्री साहू ने संकल्प भवन, नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से जुड़े लंबित संसदीय कार्यों और जन शिकायतों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, मिशन निदेशक तथा विभिन्न संबद्ध विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा-राज्यसभा से जुड़े संसदीय प्रश्नों, आश्वासनों एवं जन शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, तथ्यात्मक और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण प्रशासन पर जनता के विश्वास को मजबूत करता है।
