JCCJ 2.0 का शंखनाद: जनहित के मुद्दों पर सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी जनता कांग्रेस, जोगी निवास में 5 घंटे चली मैराथन बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय राजनीति में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने नए क्लेवर और तेवर के साथ वापसी की हुंकार भरी है। शनिवार को सिविल लाइन स्थित जोगी निवास में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद की अगुवाई में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।

दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार 5 घंटे चली इस मैराथन बैठक में पार्टी के पुनर्गठन, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर गहन चिंतन-मनन और आत्ममंथन किया गया।

​बैठक में ‘JCCJ 2.0’ का विजन सामने रखते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पार्टी अब जनहित के मुद्दों पर सीधे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

​बीजेपी-कांग्रेस पर अमित जोगी का तीखा हमला

​बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अब देश का राजनीतिक परिदृश्य बदल चुका है। अब केवल भाषणबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता के अधिकारों के लिए रण (संघर्ष) करना होगा। यही ‘JCCJ 2.0’ की पहली प्राथमिकता है।”

​छत्तीसगढ़ के संसाधनों की ओर इशारा करते हुए अमित जोगी ने कहा, “भाजपा और कांग्रेस की नजर उत्तर छत्तीसगढ़ के कोयला, दक्षिण बस्तर के लोहा और मध्य छत्तीसगढ़ के सीमेंट पर है। वहीं दूसरी ओर, स्वर्गीय अजीत जोगी जी की सोच और सपनों के अनुसार हमारी नजर इस बात पर है कि छत्तीसगढ़ के गरीबों को अमीर कैसे बनाया जाए।” उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रथम मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी के गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्गों के कल्याण के सपने को आगे बढ़ाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।

​जोगी जी के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प

​पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद ने कहा कि स्वर्गीय अजीत जोगी के कार्यकाल में राज्य में धान खरीदी की मजबूत व्यवस्था बनी और छत्तीसगढ़ बिजली क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना। साथ ही संत बाबा गुरु घासीदास जी के सामाजिक समरसता के विचारों को आगे बढ़ाया गया। JCCJ का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है।

​युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि पार्टी को केवल एक चुनावी संगठन के रूप में नहीं, बल्कि जनता की आवाज उठाने वाले एक मजबूत मंच के रूप में पुनः स्थापित किया जाएगा।

​बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति

​बैठक में पारित प्रस्तावों के तहत पार्टी को बूथ स्तर तक पुनर्जीवित करने, युवाओं, महिलाओं और जोगी समर्थकों को जोड़ने तथा चरणबद्ध आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।

​बैठक में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद

​इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी, वरिष्ठ नेता संजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष नवनीत चाँद, टंकेश्वर भारद्वाज, मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक, संगठन मंत्री निलेश चौहान, जहीर खान, युवा अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय, नवीन अग्रवाल, शमशुल आलम, महिला मोर्चा अध्यक्ष संतोषी रात्रे, जितेंद्र बंजारे, उदय चरण बंजारे, योगेश केवट, तामेश्वर साहू, किरण टंडन, सुशील बंजारे, विजय झाड़ी सहित प्रदेशभर से आए सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्य खबरें