मुंगेली: 26वीं छत्तीसगढ़ जूनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, ‘पहल’ अभियान के तहत खिलाड़ियों को मिला साइबर सुरक्षा का पाठ

जिला मुंगेली में 26वीं छत्तीसगढ़ जूनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप 2026-27 का शानदार आगाज कस्तूरी होटल के पास स्थित मैदान में हो गया है। इस तीन दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ 16 अक्टूबर को अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया, जो 18 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इस उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने की। इसके अलावा वरिष्ठजन अनिल सोनी, कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल और स्थानीय पत्रकार बंधु भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

​समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

खेल के साथ-साथ उन्होंने जिले में चलाए जा रहे “पहल – बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ” अभियान के तहत “साइबर अपराध मुक्त मुंगेली” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को डिजिटल और साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस टीम के सहायक उपनिरीक्षक मधुकर रात्रे एवं बबीता श्रीवास ने खिलाड़ियों को ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक्स, फर्जी कॉल्स और धोखाधड़ी वाले संदेशों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने यह भी समझाया कि यदि कोई साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

​इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से कुल 30 जूनियर दल हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 540 खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक शामिल हैं। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए 30 निर्णायक (रेफरी) और छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के पदाधिकारी भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का यह अनूठा प्रयास न केवल खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखार रहा है, बल्कि उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए भी सशक्त बना रहा है।

अन्य खबरें