भिलाई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता ‘स्वरंगना 2K26’ में मुंगेली की माही पाठक ने लहराया परचम
कथक नृत्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हासिल किया प्रथम स्थान; क्षेत्र व परिवार का नाम किया रोशन
मुंगेली। भिलाई के एसएनजी स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय ऑल इंडिया अंतर-विद्यालयीन एवं ओपन नेशनल प्रतियोगिता ‘स्वरंगना 2K26’ का भव्य समापन हुआ। 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर मुंगेली की प्रतिभावान कलाकार माही (अंकिता) पाठक ने अपनी उत्कृष्ट नृत्य कला का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। माही की इस उपलब्धि से मुंगेली क्षेत्र और उनके परिजनों में हर्ष की लहर है।

कथक नृत्य से दर्शकों और निर्णायकों को किया मंत्रमुग्ध
जी.आर. डांस स्टूडियो द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर से आए बाल एवं युवा कलाकारों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डांस, सिंगिंग, इंस्ट्रूमेंटल और ड्राइंग जैसी विधाओं में क्लासिकल एवं नॉन-क्लासिकल श्रेणी के तहत कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

इस भव्य मंच पर माही पाठक ने अपने कथक नृत्य की ऐसी मनमोहक और अनुशासित प्रस्तुति दी कि पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। निर्णायकों ने माही की भाव-भंगिमाओं, ताल और लय की समझ की मुक्तकंठ से सराहना की।

ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
समापन अवसर पर आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा माही को विजेता ट्रॉफी (स्मृति चिन्ह) एवं प्रथम स्थान का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
परिजनों और कला प्रेमियों में खुशी की लहर
माही की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर उनके पिता सतीश पाठक (राजू) एवं माता स्वीटी पाठक सहित पूरे पाठक परिवार ने अपार प्रसन्नता व्यक्त की है।
माही के बड़े पापा सुनील पाठक एवं बड़ी मम्मी रजनी पाठक ने बताया कि माही की बचपन से ही शास्त्रीय नृत्य (कथक) तथा चित्रकला जैसी रचनात्मक विधाओं में गहरी रुचि रही है। उसकी निरंतर मेहनत और साधना का परिणाम है कि आज उसने राष्ट्रीय स्तर पर मुंगेली का नाम रोशन किया है।
माही पाठक की इस गौरवमयी सफलता पर परिजनों, इष्ट-मित्रों, शुभचिंतकों एवं मुंगेली के कला प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
