|

नगर पालिका बोदरी द्वारा आदर्श मुक्तिधाम में वृहद स्वच्छता अभियान; जनप्रतिनिधियों ने किया गया राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर श्रमदान।

नगर पालिका बोदरी द्वारा आदर्श मुक्तिधाम में वृहद स्वच्छता अभियान; जनप्रतिनिधियों ने किया गया राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर श्रमदान

​• सीएमओ प्रदीप मिश्रा ने आदर्श मुक्तिधाम की व्यवस्थाओं को सराहा, नियमानुसार शीघ्र जीर्णोद्धार करने का दिया आश्वासन
​• विश्व हिंदू महासभा के तत्त्वावधान में वर्षों से समर्पित भाव से सेवा कर रही मुक्तिधाम समिति के कार्यों की हुई सराहना।

​

सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के महान पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं “जय जवान, जय किसान” का उद्घोष करने वाले सादगी के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की पावन जयंती के अवसर पर आज नगर पालिका परिषद बोदरी के वार्ड क्रमांक 12 स्थित आदर्श मुक्तिधाम परिसर में एक विशाल स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।

​कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के  बताए जन-कल्याणकारी मार्गों को याद कर किया गया। तत्पश्चात, नगर पालिका प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं समाजसेवियों ने परिसर में गहन सफाई अभियान चलाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
​वर्षों की निस्वार्थ सेवा और उत्कृष्ट प्रबंधन की सराहना
​उल्लेखनीय है कि यह आदर्श मुक्तिधाम संस्था  विश्व हिंदू महासभा के तत्त्वावधान में संचालित हो रहा है, जिसके पदाधिकारी एवं सदस्यगण बीते कई वर्षों से अत्यंत निष्ठा, समर्पण और मुस्तैदी के साथ परिसर के रखरखाव व देखभाल का कार्य संभाल रहे हैं।
​सफाई अभियान के उपरांत आदर्श मुक्तिधाम परिसर की सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं अनुशासित व्यवस्थाओं को देखकर उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बोदरी के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रदीप मिश्रा ने समिति द्वारा वर्षों से किए जा रहे इस उत्कृष्ट रखरखाव और व्यवस्था की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर पालिका प्रशासन संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नियमानुसार जल्द ही आदर्श मुक्तिधाम का जीर्णोद्धार कराएगा।

​नगर पालिका का जताया आभार, प्रेरणास्रोत बनेगा आदर्श मुक्तिधाम
​सीएमओ प्रदीप मिश्रा द्वारा दिए गए इस सकारात्मक और संवैधानिक आश्वासन पर  हिंदू महासभा  आदर्श मुक्तिधाम समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सीएमओ व नगर पालिका बोदरी परिषद का सहृदय आभार व्यक्त किया।
​समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह आदर्श मुक्तिधाम न केवल स्वच्छता और प्रबंधन का अपने आप में एक बेमिसाल प्रमाण प्रस्तुत करेगा, बल्कि आसपास के अन्य मुक्तिधामों के साथ-साथ भविष्य में गुरुकुल एवं गौशाला की शुरुआत करने की प्रेरणा भी समाज को प्रेषित करेगा।
​​इस स्वच्छता अभियान में मुख्य रूप से नगर पालिका परिषद बोदरी के सीएमओ प्रदीप मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष पति/ पार्षद विजय वर्मा , नगर पालिका उपाध्यक्ष शिमला सुनील वर्मा, उप-अभियंता (इंजीनियर) वी श्रुति, एल्डरमैन देवेंद्र कौशिक एवं वार्ड पार्षद फिरतू बनवारे , लक्ष्मण पाल प्रदेश अध्यक्ष विश्व हिंदू महासभा
​सहित आदर्श मुक्तिधाम के संरक्षक नारायण सिंह, सचिव मोनू कौशिक, सक्रिय सदस्य दीपक यादव सहित भारी संख्या में आसपास के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी इस पुनीत स्वच्छता अभियान में शामिल हुए, जिसका आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंडित श्रवण दुबे समुद्रशास्त्री विश्व हिंदू महासभा ने  समाज सेवा में सभी  आमजन मानस को आव्हान किया।

 

अन्य खबरें