तहसील कार्यालय में कर्मचारियों की कमी से काम प्रभावित, कांग्रेस नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी


लोरमी। तहसील कार्यालय लोरमी में लिपिकीय कर्मचारियों की कमी का मामला सामने आया है। कर्मचारियों की कमी के कारण किसानों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को बंटवारा, सीमांकन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लोरमी एवं डिंडौरी ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के चलते लंबे समय से कई लोगों के आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

कमेटी ने प्रशासन से एक सप्ताह के भीतर लिपिकीय कर्मचारियों की व्यवस्था करने तथा तहसील अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही आम नागरिकों के राजस्व संबंधी कार्यों का समयबद्ध तरीके से निराकरण करने की अपेक्षा जताई गई है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लोरमी एवं डिंडौरी द्वारा आंदोलन किया जाएगा
