चकरभाठा बोदरी में कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन: राम मंदिर चढ़ावा और चंदा चोरी के खिलाफ निकाली गई ‘श्री राम श्रद्धा यात्रा’।
चकरभाठा बोदरी में कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन: राम मंदिर चढ़ावा और चंदा चोरी के खिलाफ निकाली गई ‘श्री राम श्रद्धा यात्रा’
अयोध्या के श्री भव्य श्रीराम मंदिर में हुई चंदा एवं चढ़ावा चोरी की घटना के विरोध तथा भगवान श्री राम के प्रति अपनी अगाध आस्था प्रकट करने के लिए नगर में कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में एक अभूतपूर्व और अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। बिल्हा के पूर्व विधायक सियाराम कौशिक और बिल्हा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक के संयुक्त नेतृत्व में ‘श्री राम श्रद्धा आस्था यात्रा’ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में राम भक्त, महिलाएं, युवा और बच्चे सड़कों पर पैदल उतरे।

मटकी और कलश यात्रा से गूंजा नगर, सिर पर उठाया ‘भ्रष्टाचार का घड़ा’
इस प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि महिलाओं ने अपने सिर पर पानी का कलश या मटकी के रूप में ‘चंदा चोरी का घड़ा’ और ‘भ्रष्टाचार का घड़ा’ रखकर अनूठा विरोध जताया। मटकियों और कलशों पर चंदा चोरी और सरकार के खिलाफ तंज कसने वाले विभिन्न नारे लिखे हुए थे। हाथों में श्रद्धा के नारियल और जुबान पर “जय श्री राम” के गगनभेदी उद्घोष से पूरा नगर राममय हो गया।
हनुमान मंदिर से शुरू हुई यात्रा, राम मंदिर पर हुई सभा

इस श्रद्धा यात्रा का शुभारंभ शासकीय स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित दक्षिण मुखी श्री हनुमान मंदिर से नारियल फोड़कर, विशेष वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यह पद यात्रा नगर के मुख्य मार्गों व प्रमुख बाजारों से होते हुए राम मंदिर के समीप पहुँची, जहाँ नारियल फोड़कर एक सभा के रूप में इसका समापन किया गया। इस दौरान पारंपरिक भजन मंडलियों के राम भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने कड़े शब्दों में केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश के राम भक्तों द्वारा दिए गए चंदे और दान के पैसों की चोरी करवाकर हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। हमारे भगवान को भी ठगने से नहीं छोड़ा गया।
वहीं, बिल्हा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने भगवान श्री राम को नमन करते हुए कहा कि भाजपा वालों को भगवान सद्बुद्धि दें और वे चंदा चोरी करना छोड़ें। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा तो अभी महज एक झांकी है, आने वाले समय में हमें मुख्य नेतृत्व का भी इस्तीफा लेना है।
प्रमुख उपस्थिति
इस विशाल यात्रा और विरोध प्रदर्शन में आत्माराम गिदवानी, दीवान जी, जिला उपाध्यक्ष विमल अग्रवाल, प्रहलाद कश्यप, ब्रजेश शर्मा, ब्रजेश दुबे, मनोज वर्मा, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दिवाकर दुबे, पूर्व उपाध्यक्ष अभिषेक दुबे, राजू दीक्षित, रोहिणी नौबतका, राकेश यादव, राजू ध्रुव, योगेश कौशिक, आशु निर्मलकर, प्रदीप सन्नाडय, गुड्डा नामदेव, राजा वर्मा, रामायण रजक, गोविंद यादव, बिल्हा पार्षद लाला यादव, बल्लू साहू, संगीता यादव, किरण गोस्वामी, जगन्नाथ ध्रुवंशी, वासु निर्मलकर, खम्मन रात्रे, धनुष मरावी, रूपेंद्र वर्मा, घनश्याम डहरिया, हाशिम खान, अमित कोसले, मुकेश ध्रुव, अश्वनी जायसवाल, निखाद राज निषाद, अनिल निर्मलकर, संजीव पाल, यू मुरली, नागेश ध्रुव, वेद रात्रे सहित भारी संख्या में महिलाएँ, युवा और आम नागरिक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

