न्याय धानी बिलासपुर छत्तीसगढ़ में टीएल बैठक में जनहितैषी योजनाओं की सघन समीक्षा, लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश।
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय: टीएल बैठक में जनहितैषी योजनाओं की सघन समीक्षा, लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश।

बिलासपुर
शासन की प्राथमिकता वाली जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसामान्य की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नगर निगम कार्यालय में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे की अध्यक्षता में संपन्न इस उच्चस्तरीय बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
शत-प्रतिशत निराकरण पर जोर
बैठक के दौरान आयुक्त प्रकाश सर्वे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सुशासन तिहार, पीएम पोर्टल, पीजीएन, ई-समाधान, समय-सीमा प्रकरण और जनदर्शन के तहत प्राप्त आवेदनों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि समाधान गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक होना चाहिए। जन शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
‘सुग्घर छत्तीसगढ़ योजना’ पर विशेष ध्यान
आयुक्त ने बैठक में जानकारी दी कि बिलासपुर जिले को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सुग्घर छत्तीसगढ़ योजना’ में प्राथमिकता के साथ शामिल किया गया है। इस योजना के अंतर्गत शासन की 31 प्रमुख योजनाओं का शत-प्रतिशत संतृप्ति (सैचुरेशन) लक्ष्य प्राप्त करना अनिवार्य है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करते हुए विकास कार्यों में गति लाने के कड़े निर्देश दिए।
पंचायती राज और शासन की योजनाओं का अनुपालन
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल एवं वनमंडलाधिकारी नीरज की उपस्थिति में जिला पंचायत की स्थायी उप समितियों की बैठकों पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि नियमानुसार प्रत्येक दो माह में इन समितियों की बैठक अनिवार्य है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु कार्ययोजना बनाएं और समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति करें। इसके अतिरिक्त, खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता और वितरण पर भी चर्चा की गई ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शाला प्रवेशोत्सव की तैयारी एवं नशामुक्ति का संकल्प
आगामी 1 जुलाई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव को लेकर आयुक्त ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ भव्य रूप दिया जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। बैठक के समापन पर, आयुक्त प्रकाश सर्वे ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति अभियान के प्रति संकल्प दिलाते हुए एक नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
