मुंगेली स्टेडियम से फिर गूंजी देश सेवा की हुंकार: अग्निवीर चयन सूची में जिले के 20 से अधिक युवाओं ने गाड़े सफलता के झंडे, पूर्व सैनिक त्रिभुवन यादव की निशुल्क मुहिम ला रही रंग
मुंगेली जिले के युवाओं के दिलों में देशप्रेम और भारत माता की सेवा का जज्बा किस कदर हावी है, इसका सीधा प्रमाण भारतीय सेना की हालिया ‘अग्निवीर’ चयन सूची में देखने को मिला है। इस बार फिर मुंगेली जिले से 20 से भी अधिक जांबाजों ने भारतीय सेना में अपना चयन पक्का कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। यह बड़ी कामयाबी सिर्फ उन युवाओं की नहीं, बल्कि उस नि:स्वार्थ राष्ट्रभक्ति की भी जीत है जो पिछले चार सालों से मुंगेली स्टेडियम के मैदान पर पसीना बहा रही है।

शाम के ढलते अंधेरे और कड़कती बिजली के बीच जब चयन सूची जारी हुई, तो चयनित युवाओं के घरों और मुंगेली स्टेडियम में जश्न का माहौल बन गया। हाथों में मिठाई का डिब्बा थामे जब ये नौजवान अपने ‘गुरु’ और पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष त्रिभुवन यादव के पास पहुंचे, तो हर आंख खुशी से नम और छाती गर्व से चौड़ी हो गई।

चयनित जांबाजों की सूची
कड़ी मेहनत के दम पर सेना की वर्दी पहनने का सपना पूरा करने वाले प्रमुख युवाओं में शामिल हैं:
रोहन साहू
पंचम यादव
शिवराज पटेल
शिवा साहू
युवराज
कुलदीप
पुष्पराज
दिव्यानंद साहू
राजा यादव
दीपक
महेश पटेल
सागर राजपूत
गौकरण
भूपेश एवं अन्य साथी।
प्रशासनिक उदासीनता के बीच ‘अकेला चना’ बदल रहा तस्वीर
एक तरफ जहां स्थानीय प्रशासन युवाओं को खेल और रोजगार के संसाधन देने के नाम पर सुस्त नजर आता है, वहीं डिफ़ेंस ट्रेनर के रूप में विख्यात पूर्व सैनिक त्रिभुवन यादव ने जून 2022 से मुंगेली स्टेडियम में एक अभूतपूर्व मुहिम छेड़ रखी है। पिछले एक साल से रोज़ाना सुबह 5 से 7 बजे तक बिना एक रुपया लिए (नि:शुल्क) युवाओं को सेना की कठिन ट्रेनिंग दी जा रही है।
त्रिभुवन यादव ने अपनी इस सफलता पर बात करते हुए दृढ़ संकल्प दोहराया:

”सेना से सेवानिवृत्त होने के पीछे मेरा एकमात्र उद्देश्य यही था कि मैं अपने आसपास के गांवों, जिले और राज्य में इतने फौजी तैयार कर दूं कि एक दिन हमारे मुंगेली जिले को लोग ‘फौजी जिले’ के नाम से पहचानें। मैं समाज में अनुशासित युवाओं का एक ऐसा दल खड़ा करना चाहता हूँ जो देश सेवा के साथ-साथ समाज सेवा में भी अपनी जान लगा दे।”
मुंगेली स्टेडियम बना ‘फौजियों की फैक्ट्री’ (चार साल के आंकड़े):
सरकारी दावों से इतर, जमीनी स्तर पर त्रिभुवन यादव की नि:शुल्क मुहिम ने जो आंकड़े पेश किए हैं, वे हैरान करने वाले और मुंगेली के लिए गौरवशाली हैं:
साल 2023: 27 युवाओं का चयन
साल 2024: 29 युवाओं का चयन
साल 2025: 37 युवाओं का चयन
इस साल (2026): 20 से अधिक युवाओं का अग्निवीर में चयन
अन्य सुरक्षा बल: इन 4 वर्षों में 180 से अधिक युवक-युवतियों ने SSC GD के माध्यम से देश के विभिन्न अर्धसैनिक बलों में अपनी जगह बनाई है।
आज जब ये बच्चे अपनी कामयाबी का श्रेय अपने ट्रेनर को देने पहुंचे, तो पूरा माहौल भाव-विभोर हो गया। त्रिभुवन यादव ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल और यशस्वी भविष्य की कामना की है। शहरवासियों ने भी इन जांबाजों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे मुंगेली के इतिहास का एक सुनहरा अध्याय बताया है।
