कटघोरा में एबीवीपी का प्रदर्शन: शहीद वीर नारायण चौक पर फूंका नक्सलवाद का पुतला, ‘नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़’ का लिया संकल्प
कटघोरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने कटघोरा स्थित शहीद वीर नारायण चौक पर नक्सलवाद के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए नक्सलवाद का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प को दोहराते हुए राज्य और केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने नक्सलवाद को देश और समाज के लिए घातक बताते हुए इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद युवाओं को गुमराह कर उन्हें हिंसा के रास्ते पर ले जाता है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने ‘अर्बन नक्सलियों’ पर भी चिंता जताते हुए कहा कि कुछ लोग शहरों में रहकर युवाओं के बीच भ्रामक विचारधारा फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे समाज में अस्थिरता पैदा होती है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि एबीवीपी आने वाले समय में शैक्षणिक संस्थानों में नक्सलवाद के खिलाफ व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके तहत छात्रों को सही दिशा में मार्गदर्शन देने और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस प्रदर्शन के माध्यम से परिषद ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि नक्सलवाद के खिलाफ समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी, तभी छत्तीसगढ़ को पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त बनाया जा सकेगा।
