कोनी पुलिस की तत्परता से चंद घंटों में गुम नाबालिग बरामद, रेलवे स्टेशन से सकुशल मिला सुराग
बिलासपुर/कोनी थाना कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को महज कुछ घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सफलता से पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली एक बार फिर सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 20 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री ग्राम निरतू स्थित दामाद के घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर सकता है। शिकायत के आधार पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान सूचना मिली कि नाबालिग को घुटकू रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सघन सर्च अभियान चलाया और नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से नाराज होकर ट्रेन से कहीं जाने की तैयारी में थी।
पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर नाबालिग को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
