मुंगेली जिले में चक्रवाती तूफान का अलर्ट: 29 अक्टूबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
मुंगेली जिले में चक्रवाती तूफान का अलर्ट: 29 अक्टूबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
लोरमी/मुंगेली (छत्तीसगढ़):
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और संभावित चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए मुंगेली जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने बड़ा कदम उठाया है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर 29 अक्टूबर 2026 को मुंगेली जिले के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एकदिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान और सुरक्षा के उपाय
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से मिले पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती प्रभाव के कारण क्षेत्र में भारी बारिश, तेज हवाएं और मौसम के बिगड़ने की पूरी संभावना जताई गई है। संभावित खतरे और बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचाने के लिए प्रशासन ने यहहतियाती कदम उठाया है।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि इस खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतें:
अनावश्यक घर से बाहर न निकलें: बहुत जरूरी काम होने पर ही यात्रा करें।
सुरक्षित स्थानों पर रहें: गरज-चमक और आकाशीय बिजली (वज्रपात) के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या कमजोर ढांचों के पास बिल्कुल न खड़े हों।
सावधानी बरतें: तेज हवाओं के दौरान जर्जर भवनों, बिजली के खंभों और विद्युत तारों से उचित दूरी बनाए रखें।
किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
जिला प्रशासन ने संभावित आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। किसी भी प्रकार की मदद या सूचना के लिए नागरिक दूरभाष नंबर 07755-264440 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं ताकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।
