बिलासपुर में सुकून फाउंडेशन का परिचय सम्मेलन: दौ सौ से अधिक प्रतिभागियों की मौजूदगी में आठ रिश्ते तय
समाज सेवा, सादगीपूर्ण विवाह और जागरूकता को बढ़ावा देने की सराहनीय पहल…
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 20 अप्रैल 2026
शहर के त्रिवेणी भवन में सुकून फाउंडेशन के तत्वावधान में मुस्लिम समाज के युवक-युवतियों के लिए परिचय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया, यह आयोजन सामाजिक समरसता, पारदर्शिता और सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
सम्मेलन में दो सौ से अधिक युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जो समाज में बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक सोच को दर्शाता है, कार्यक्रम के दौरान आठ रिश्ते तय होना इस पहल की सफलता का प्रमाण माना जा रहा है, आयोजन में बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के परिचय सम्मेलन का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाएगा, जिससे विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे रोज़दारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही समाज की आवाज़ को मजबूती देने वाले पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया, संस्था ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल रिश्ते जोड़ना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर सैयद ज़ाहिर आगा, रशीद अहमद खान, डॉ. आलम, डॉ. आरिफ असलम, डॉ. अलीम (कोटमी सोनार), शेख नजीरुद्दीन (छोटे पार्षद), हाफिज अब्दुस समद, साजिद एबानी, एडवोकेट शौकत अली, अली इमरान, अब्दुल मन्नान, सबीहा खान, डॉ. परवीन आलम सहित संस्था के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समाज सेवा का संदेश:
कार्यक्रम के माध्यम से समाज सेवा, भाईचारा और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया, वक्ताओं ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।


