रामनवमी पर आस्था का भव्य दृश्य: बिलासपुर से 1008 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना
बिलासपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर आज बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री रामलला के दर्शन हेतु बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए 1008 श्रद्धालुओं का भव्य जत्था रवाना हुआ। इस पावन यात्रा को केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे जी ने भगवा ध्वज दिखाकर विधिवत प्रस्थान कराया।

कार्यक्रम के दौरान वातावरण जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्री रामलला के दर्शन की विशेष उत्सुकता देखी गई।

इस अवसर पर अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि प्रभु श्री राम त्याग, धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं। उनके जीवन से हमें सत्य, सेवा और सद्भावना का मार्ग मिलता है। प्रभु श्री राम के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे—इसी मंगल कामना के साथ यात्रा का शुभारंभ किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी, वरिष्ठ विधायक श्री अमर अग्रवाल जी, श्री धरमलाल कौशिक जी, विधायक श्री धर्मजीत सिंह जी, श्री अटल श्रीवास्तव जी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी जी, भाजपा जिला अध्यक्ष (शहर) श्री दीपक सिंह जी, श्री प्रवीण झा जी, श्री वीएन झा जी, प्राध्यापक श्री राजकुमार सचदेव जी, श्री रिंकू मिश्रा जी, श्री रोशन सिंह जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रामभक्त भाई-बहन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को शुभ यात्रा की मंगलकामनाएं दी गईं और अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करने का संकल्प लिया गया।
