सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में एसपी ने मांगी जांच रिपोर्ट
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में एसपी ने मांगी जांच रिपोर्ट
बिलासपुर।
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो और समाचारों को लेकर बिलासपुर रेंज पुलिस ने गंभीर रुख अपनाया है। पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज द्वारा जिला बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में उल्लेख है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नगर पुलिस अधीक्षक (शहर) बिलासपुर श्री राजेंद्र जायसवाल के संबंध में कुछ समाचार और वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें तथाकथित रूप से “सट्टा सेंटर” से संरक्षण देने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। यह वीडियो और सामग्री पेनड्राइव के माध्यम से संलग्न की गई है।
इस प्रकरण से जुड़े एक शिकायत आवेदन में लोकेंद्र तिवारी और अन्य द्वारा आरोप लगाया गया है कि सिविल लाइन थाना, बिलासपुर क्षेत्र में मासिक धनराशि नहीं देने पर उनके खिलाफ कथित रूप से झूठे मामलों में फंसाने, अवैध वसूली और बदनामी कर व्यवसाय को नुकसान पहुंचाने की शिकायत पहले भी की जा चुकी है। इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय को जांच हेतु पत्र प्रेषित किया गया था।
पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को निर्देशित किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो, दृश्य-श्रव्य सामग्री और शिकायत पत्र में उल्लिखित तथ्यों की गंभीरता से जांच की जाए। जांच के उपरांत तथ्यान्वेषी एवं वस्तुनिष्ठ जांच प्रतिवेदन, संबंधित दस्तावेजों और स्पष्ट अभिमत सहित 07 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए।
मामले ने पुलिस विभाग के भीतर हलचल बढ़ा दी है और अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
