ग्राम राधा रमन नगर में चला चलित थाना, थाना प्रभारी जवाहरलाल गायकवाड के नेतृत्व में पुलिस ने किया जागरूकता कार्यक्रम
ग्राम राधा रमन नगर में चला चलित थाना, थाना प्रभारी जवाहरलाल गायकवाड के नेतृत्व में पुलिस ने किया जागरूकता कार्यक्रम
महेंद्रगढ़-चिरमिरी जिले के नागपुर थाना पौड़ी अंतर्गत ग्राम राधा रमन नगर में आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को चलित थाना – पुलिस आपके ग्राम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम थाना प्रभारी श्री जवाहरलाल गायकवाड के कुशल नेतृत्व में उनकी पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी जवाहरलाल गायकवाड एवं उनकी टीम ने ग्रामवासियों को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक और ओटीपी शेयर न करने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ विस्तारपूर्वक दीं। साथ ही यातायात जागरूकता के अंतर्गत हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के पालन की अपील की गई।

इस अवसर पर राहवीर योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को शासन द्वारा कानूनी संरक्षण और प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। वहीं सिटीजन सेंटिनल के उपयोग पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि आम नागरिक किस प्रकार संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सीधे पुलिस तक पहुंचाकर अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
थाना प्रभारी श्री जवाहरलाल गायकवाड ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक कर अपराधों की रोकथाम करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी जवाहरलाल गायकवाड एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है। यह आयोजन पुलिस-जन सहभागिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ।
