पंचायत सचिव की मनमानी से आक्रोशित पंचों ने खोला मोर्चा, जिला पंचायत CEO को ज्ञापन सौंपकर सचिव को हटाने की मांग; न हटाने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

पंचायत सचिव की मनमानी से आक्रोशित पंचों ने खोला मोर्चा, जिला पंचायत CEO को ज्ञापन सौंपकर सचिव को हटाने की मांग; न हटाने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

मुंगेली/पथरिया:

विकासखंड पथरिया अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पेंड्री (स) में पंचायत सचिव रामकुमार ठाकुर की कार्यप्रणाली और मनमानी से तंग आकर उपसरपंच, पंचों एवं ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को उपसरपंच द्वारिका पटेल के नेतृत्व में पंचों एवं ग्रामवासियों ने जिला पंचायत मुंगेली पहुंचकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को एक ज्ञापन सौंपा और सचिव को तत्काल पद से हटाने की मांग की। पंचों ने चेतावनी दी है कि यदि सचिव के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो सभी 15 पंच सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

​गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा न कराने और ताला लटके रहने का आरोप

​जिला पंचायत CEO को दिए गए आवेदन पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत पेंड्री (स) में 2 अक्टूबर 2026 (गांधी जयंती) के अवसर पर आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा का आयोजन सचिव द्वारा नहीं किया गया। इसके अलावा ग्रामीणों एवं प्रतिनिधियों ने निम्नलिखित गंभीर आरोप लगाए हैं:

  • ​पंचायत में ताला बंद रहना: पंचायत भवन में अक्सर ताला लटका रहता है और सचिव पंचायत में नहीं बैठते हैं।

  • ​दुर्व्यवहार: ग्रामीणों और पंचों के साथ सचिव का व्यवहार अमर्यादित एवं दुर्व्यवहारपूर्ण रहता है।

  • ​आय-व्यय का हिसाब न देना: पंचायत में होने वाले विकास कार्यों और योजनाओं के आय-व्यय का कोई ब्योरा या हिसाब पंचगणों को नहीं दिया जाता।

  • ​सरकारी योजनाओं की अनदेखी: ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय पर नहीं दी जाती और सचिव अपनी मनमर्जी से सारे कार्य करते हैं।

​सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप

​ग्राम पंचायत में सचिव की तानाशाही और लापरवाही से असंतुष्ट जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कड़ा संज्ञान नहीं लिया गया और सचिव को नहीं हटाया गया, तो पंचायत के सभी 15 पंच एक साथ सामूहिक रूप से अपना त्यागपत्र सौंप देंगे।

​ज्ञापन सौंपते समय उपसरपंच द्वारिका पटेल, गौरी (पंच), सरिता (पंच), पार्वती (पंच), रजनी (पंच), कुलेश्वरी (पंच), सोमकलिया (पंच), किरण (पंच), बद्री (पंच), शिवप्रसाद (पंच), कमलेश (पंच), लक्ष्मीन (पंच) सहित बड़ी संख्या में पंचगण एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अन्य खबरें