बिलासपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण; 13 प्लाटूनों के मार्च पास्ट ने दिखाया शौर्य।





————————————————————————–
बिलासपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न:

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण; 13 प्लाटूनों के मार्च पास्ट ने दिखाया शौर्य
अमर शहीदों के परिजनों का हुआ नागरिक अभिनंदन, 50 शासकीय सेवक उत्कृष्ट सेवा हेतु सम्मानित

मार्च पास्ट में जिला पुलिस बल (महिला) एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल प्रथम।
बिलासपुर जिला पुलिस परेड ग्राउंड में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। तत्पश्चात राष्ट्रगान का सस्वर गायन हुआ और मुख्य अतिथि ने संयुक्त परेड का निरीक्षण किया।
परेड कमांडर भूपेन्द्र गुप्ता के कुशल नेतृत्व में सशस्त्र बलों, नगर सेना एवं एनसीसी सहित कुल 13 प्लाटूनों ने अनुशासित एवं भव्य ‘मार्च पास्ट’ प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन एवं नशामुक्त समाज का संकल्प
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि तोखन साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं और विकास प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने नागरिकों को ‘तिरंगा शपथ’ दिलाई, वहीं ब्रह्माकुमारी दीदी द्वारा समाज को नशे की कुरीतियों से दूर रखने हेतु नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
शहीद परिजनों का सम्मान एवं शासकीय सेवकों का अभिनंदन
नक्सल हिंसा में राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि द्वारा मंच पर शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करने वाले विभिन्न शासकीय विभागों के 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम:
मार्च पास्ट (सीनियर वर्ग): जिला पुलिस बल महिला (प्रथम), नगर सेना महिला (द्वितीय)।
मार्च पास्ट (जूनियर वर्ग): एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर (प्रथम), एनसीसी सीनियर गर्ल्स (द्वितीय), एनसीसी सीनियर बॉयज (तृतीय)।
सांस्कृतिक कार्यक्रम: महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला (प्रथम), एलसीआईटी बोदरी (द्वितीय), दिल्ली पब्लिक स्कूल (तृतीय)। नेशनल कॉन्वेंट एवं पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
गरिमामय उपस्थित

समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सौरभ सक्सेना एवं मुकुल शर्मा ने किया तथा सुश्री कनक साहू ने ‘वंदे मातरम्’ की सुमधुर गायन प्रस्तुति दी।

————————————————————————–


