सत्यनारायण बाबा जी के अवतरण दिवस पर महा-पौधारोपण, मेधावियों का सम्मान और धुरी समाज के ₹10 लाख के भवन का हुआ भूमिपूजन।
चकरभाठा-बोदरी में ऐतिहासिक महाआयोजन: सत्यनारायण बाबा जी के अवतरण दिवस पर महा-पौधारोपण, मेधावियों का सम्मान और धुरी समाज के ₹10 लाख के भवन का हुआ भूमिपूजन
बिलासपुर/बोदरी:
बिल्हा विधानसभा के अंतर्गत बोदरी और चकरभाठा क्षेत्र में आज एक अत्यंत भव्य, गरिमापूर्ण और ऐतिहासिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। दानवीर भामाशाह साहू समाज भवन (चकरभाठा, बोदरी) के समीप आयोजित यह विशेष कार्यक्रम साहू समाज चकरभाठा (बोदरी) द्वारा परम पूज्य सत्यनारायण बाबा जी (रायगढ़) के पावन अवतरण दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित किया गया था। इस त्रिआयामी महाआयोजन में जहाँ एक तरफ पर्यावरण संरक्षण के लिए महा-पौधारोपण अभियान चलाया गया और मेधावी छात्रों का सम्मान हुआ, वहीं दूसरी तरफ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माननीय धरमलाल कौशिक द्वारा धुरी समाज के भव्य सामुदायिक भवन की आधारशिला रखकर क्षेत्र के विकास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया गया।
धुरी समाज को ₹10 लाख की बड़ी सौगात, विधि-विधान से हुआ भूमिपूजन
इस भव्य आयोजन के समानांतर, क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने बोदरी नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 09 में धुरी समाज के लिए अपनी विधायक निधि से स्वीकृत ₹10 लाख की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमिपूजन किया।
विधायक कौशिक ने मंच से इस राशि की घोषणा करते हुए जैसे ही भवन की आधारशिला रखी, पूरा पंडाल उपस्थित सामाजिक जनों की करतल ध्वनि से गूंज उठा।
यह सामुदायिक भवन धुरी समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। इसके निर्माण से समाज के लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन हेतु बेहतर एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे सामाजिक एकता और आपसी सहभागिता को भी नई मजबूती मिलेगी।
’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और मेधावी छात्र सम्मान
इस पावन अवसर पर राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की द्वितीय वर्षगांठ भी अपूर्व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई, जिसके अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का वास्तविक संकल्प लिया गया। इसके साथ ही, क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को ‘मेधावी छात्र सम्मान कार्यक्रम’ में स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सारस्वत सम्मान किया गया।
जन-आकांक्षाओं की पूर्ति ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता: धरमलाल कौशिक
मुख्य अतिथि के आसन से उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने ओजस्वी उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा:
”परम पूज्य सत्यनारायण बाबा जी के आशीर्वाद से आज हमारा समाज न केवल धार्मिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ हो रहा है, बल्कि पर्यावरण और शिक्षा के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। धुरी समाज के भवन के लिए की गई यह घोषणा क्षेत्र के समग्र और समावेशी विकास का एक अनिवार्य हिस्सा है। हमारा उद्देश्य समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं को समय पर पूरा करना है ताकि कोई भी समाज खुद को उपेक्षित न समझे। जन-आकांक्षाओं की पूर्ति और लोक-कल्याण ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
पर्यावरण संरक्षण पर दिखा गहरा कूटनीतिक और सामाजिक चिंतन
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार, स्वर्ण पदक विजेता और भाजपा नेता अजय शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी गहरी सामाजिक चिंता व्यक्त की। उन्होंने मंच से दिखावे वाले पौधारोपण की ‘बेईमान परंपरा’ पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पूरी तरह परहेज करना चाहिए जहाँ पौधों की सुरक्षा और संवर्धन का कोई ठोस इंतजाम न हो। अजय शर्मा के इस यथार्थवादी और चेतना जगाने वाले वक्तव्य की पंडाल में उपस्थित सभी प्रबुद्ध नागरिकों ने मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने विधायक धरमलाल कौशिक द्वारा जनभावनाओं के अनुरूप तुरंत निर्णय लेते हुए तत्काल धनराशि घोषित करने की संवेदनशीलता की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की।
जनप्रतिनिधियों व मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति
संपूर्ण कार्यक्रम बेहद संवैधानिक, अनुशासित और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर धुरी समाज के अध्यक्ष, नगर पंचायत बोदरी की उपाध्यक्ष शिमला वर्मा, पार्षद विजय वर्मा (वार्ड क्रमांक 15), भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी दुर्गा कौशिक मनोनित एल्डरमैन ज्योति कुलदीप , सुनील मलगानी,व अन्य एल्डरमैन साथी, दिनेश पांडे (अध्यक्ष-मंडल), कृष्ण कुमार कौशिक (वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी), परदेसी ध्रुवंशी (पूर्व अध्यक्ष, नगर पंचायत) सहित भारतीय जनता पार्टी के सम्मानित पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाज के वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने ‘आओ पेड़ लगाएं हम’ के गगनभेदी नारे को धरातल पर चरितार्थ करने की शपथ ली और पूज्य बाबा जी के जन्मदिन को सेवा, विकास, उत्तरदायित्व और वास्तविक प्रकृति संरक्षण के महाउत्सव के रूप में मनाया।
