विभागीय समन्वय के साथ सड़क निर्माण कार्यों में लाएं तेजी : सचिव श्री बंसल
*विभागीय समन्वय के साथ सड़क निर्माण कार्यों में लाएं तेजी : सचिव श्री बंसल*
*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश*

मुंगेली, 23 मई 2026/ राज्य शासन मुंगेली जिले में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पूरी सक्रियता से काम कर रही है। जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समय-सीमा सुनिश्चित करने कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग संभाग मुंगेली जिले का दौरा कर विभागीय अधिकारियों की सर्किट हाउस के कांफ्रेंस हॉल में बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ फील्ड में उतरकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी दोनों सुनिश्चित करना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इनमें कोई कोताही नहीं बरती जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित और कड़ी मॉनिटरिंग के साथ ही जनहित एवं तकनीकी दक्षता का भी विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने नगरीय निकाय सहित विभागीय समन्वय के साथ सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़को में पैच वर्क कराने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों को तेजी से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरा कर धरातल पर काम शुरू करने के निर्देश दिए। आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि बरसात की शुरुआत से पहले सभी सड़कों की मरम्मत अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। बारिश के दिनों में सड़कों या उनके किनारों पर गड्ढों की वजह से पानी जमा नहीं होना चाहिए।
श्री बंसल ने सुगम यातायात को शासन की प्राथमिकता बताते हुए गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार कर तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभियंताओं को ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का परीक्षण कर तत्परता से भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड का नियमित दौरा कर चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण कर गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का किया निरीक्षण*
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने लोरमी बाईपास निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों को समय-सीमा में इन कामों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, डीएफओ श्री अभिनव कुमार, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रभाकर पाण्डेय, प्रमुख अभियंता श्री वीके भथपहरी, मुख्य अभियंता श्री आरके रात्रे, मुख्य अभियंता एनएच श्री ज्ञानेश्वर कश्यप, अधीक्षण अभियंता श्री केपी संत, कार्यपालन अभियंता श्री शरद सतपथी, कार्यपालन अभियंता आर के खामरा, कार्यपालन अभियंता श्री नीतीश तिवारी विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
