शॉर्ट सर्किट से धधकी गुरु कृपा मोबाइल दुकान! लाखों का नुकसान, दमकल की देरी पर लोगों ने जताया गुस्सा
मुंगेली। शहर के व्यस्त इलाके में स्थित “गुरु कृपा मोबाइल” दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही दुकान में रखा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल एसेसरीज तथा अन्य सामग्री तेजी से आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति काफी चिंताजनक बनी रही। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को खाली कराया गया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में उस समय नाराजगी और बढ़ गई जब सूचना देने के बावजूद खबर लिखे जाने तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। लोगों ने दमकल विभाग की लेटलतीफी पर सवाल उठाते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की।
फिलहाल प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
