मुंगेली में अवैध शराब पर पुलिस की सख्ती, 9 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
मुंगेली। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और शांति भंग की आशंका को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में की गई। थाना जरहागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं, जिससे असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है और युवाओं व बच्चों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान आरोपियों ने अवैध शराब बिक्री से इनकार करते हुए पुलिस टीम के सामने हंगामा शुरू कर दिया और विवाद की स्थिति उत्पन्न कर दी। समझाइश के बावजूद स्थिति शांत नहीं होने पर पुलिस ने भविष्य में शांति भंग की आशंका को देखते हुए सभी 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।
