महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिलीं रत्नावली कौशल

मुंगेली/रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट कर महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक संवाद हुआ।

रत्नावली कौशल ने उपमुख्यमंत्री को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे कई प्रयास किए जा रहे हैं, जो महिलाओं के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रत्नावली कौशल की सक्रियता और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

रत्नावली कौशल ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा की टीम प्रदेशभर में महिलाओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महिला मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, लाभार्थियों के चयन और जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस मुलाकात से छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण की नीतियों को और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

अन्य खबरें