एक साल में बदली मुंगेली की तस्वीर: नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने गिनाईं उपलब्धियां, 132 करोड़ के बड़े विकास कार्यों का खाका तैयार

एक साल में बदली मुंगेली की तस्वीर: नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने गिनाईं उपलब्धियां, 132 करोड़ के बड़े विकास कार्यों का खाका तैयार

मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्थानीय रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने बीते एक वर्ष में नगर में हुए विकास कार्यों, चल रही परियोजनाओं और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी पत्रकारों से साझा की। साथ ही पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुंगेली के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शुक्ला ने बताया कि उनके एक वर्ष के कार्यकाल में नगर में सड़क, नाली, चौक सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम उन्नयन, स्ट्रीट लाइट, गार्डन निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि नगर की गरिमा और जरूरतों के अनुरूप विकास की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

उप मुख्यमंत्री और विधायक का जताया आभार

नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से नगर के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि स्वीकृत हुई है। इसी के परिणामस्वरूप एक वर्ष में मुंगेली को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं।

नगर की जनता को दिया धन्यवाद

रोहित शुक्ला ने नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य नागरिक को नगर की जनता ने अपना प्रेम और विश्वास देकर नगर का प्रथम नागरिक बनने का अवसर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर के विकास और प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

एक वर्ष में हुए प्रमुख विकास कार्य

वर्ष 2023–24 में 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 144.46 लाख रुपये की लागत से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण और ट्यूबलर पोल लगाने के कार्य पूर्ण किए गए। इनमें मेन रोड से शक्ति धर्मकांटा रोड, पंडरिया रोड से आत्मानंद स्कूल रोड तथा बस स्टैंड से बिजली ऑफिस रोड जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

इसी तरह अधोसंरचना मद के अंतर्गत 859.18 लाख रुपये की लागत से 69 कार्य स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 60 कार्य 395.07 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगतिरत हैं।

वर्ष 2024–25 में विकास को मिली नई गति

वर्ष 2024–25 में अधोसंरचना विकास के लिए 1388.32 लाख रुपये की स्वीकृति मिली। इसमें से 26 कार्य 299.64 लाख रुपये की लागत से पूरे हो चुके हैं। वहीं खर्रीपारा रोड निर्माण, विभिन्न वार्डों में साइन बोर्ड, पड़ाव चौक में मूर्ति स्थापना, गौरवपथ निर्माण, पांच स्थानों पर स्वागत द्वार और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापना जैसे कार्य 1006.05 लाख रुपये की लागत से प्रगतिरत हैं।

वर्ष 2025–26 में बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम

वर्ष 2025–26 में 2546.62 लाख रुपये की लागत से 27 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें हाई मास्ट लाइट, स्विमिंग पूल निर्माण, आगर खेल परिसर का जीर्णोद्धार, साहू पारा सामुदायिक भवन, मां परमेश्वरी चौक का विकास, आगर नदी तट पर शेड और चबूतरा निर्माण, चौक सौंदर्यीकरण, नालंदा परिसर निर्माण तथा एनयूएलएम कार्यालय का नवीनीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।

स्वच्छता व्यवस्था में भी हुआ सुधार

नगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के लिए ट्रैक्टर, मिनी टिपर, वैक्यूम एम्पिटर, ई-रिक्शा, कम्पोस्ट मशीन, ट्रैक्टर ट्रॉली और स्टील डस्टबिन जैसी मशीनरी खरीदी गई है। इन पर अब तक लगभग 303.79 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

आवास और सामाजिक योजनाओं का लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर में 1379 आवास स्वीकृत हुए, जिनमें से 1238 आवास पूर्ण हो चुके हैं और शेष निर्माणाधीन हैं। वहीं PMAY Urban 2.0 के अंतर्गत 378 नए आवास स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा नगर के 22 वार्डों में 10,426 राशन कार्ड जारी किए गए हैं तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 3389 हितग्राहियों को लाभ दिया जा रहा है।

132 करोड़ के विकास कार्य प्रस्तावित

नगर पालिका परिषद ने वर्ष 2026–27 के बजट के लिए लगभग 132 करोड़ रुपये के बड़े विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें आगर नदी के किनारे रिटेनिंग वॉल, लोरमी बायपास से रामगढ़ पुल तक बीटी सड़क, आगर नदी में स्टॉप डैम, रिवर व्यू फोर लेन सड़क, रिवर फ्रंट सौंदर्यीकरण और नगर भवन (विवाह घर) निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

होली मिलन कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक चुरावन मंगेशकर, पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते, पूर्व मंडी अध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्रिय, कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दिलीप बंजारा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षद, नगर पालिका अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार एवं नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य खबरें