मुंगेली में गैस घोटाला! 29.5 किलो की जगह 26 किलो सिलेंडर, रवि गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप

मुंगेली से वार्षिक बंजारा की रिपोर्ट 

रवि गैस एजेंसी मुंगेली में खुला उपभोक्ता ठगी का खेल

29.5 किलो के बजाय मात्र 26 किलो गैस, नियमों की खुलेआम अवहेलना

मुंगेली।
शहर की रवि गैस एजेंसी में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के वजन में गंभीर हेराफेरी का मामला सामने आया है। नियमों के अनुसार जहां एक घरेलू गैस सिलेंडर में 29.5 किलोग्राम भरा हुआ वजन (15.5 किलो खाली सिलेंडर + 14.2 किलो गैस) अनिवार्य होता है, वहीं उपभोक्ताओं को मात्र 26 किलोग्राम वजन वाले सिलेंडर थमाए जा रहे हैं।

यह सीधे-सीधे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी और सरकारी मानकों की खुली अवहेलना है। गैस उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा जानबूझकर कम गैस भरकर सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं, जिससे हर उपभोक्ता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

 जिम्मेदार विभाग मौन

सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस गंभीर मामले पर संबंधित विभाग अब तक मौन बना हुआ है। नियमों की अनदेखी कर एजेंसी द्वारा खाता धारकों को मनमाने वजन के सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जबकि प्रशासनिक निगरानी पूरी तरह नदारद दिखाई दे रही है।

 खाद्य विभाग को दी गई सूचना, सिर्फ आश्वासन

मामले की जानकारी खाद्य विभाग को फोन के माध्यम से दी गई है। विभागीय अधिकारी द्वारा जांच कर कार्रवाई का आश्वासन तो दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

 उपभोक्ताओं की मांग

ग्राहकों ने मांग की है कि—

  • रवि गैस एजेंसी की तत्काल तौल मशीनों सहित जांच कराई जाए

  • दोषी एजेंसी संचालक पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई हो

  • प्रभावित उपभोक्ताओं को पूरा वजन और मुआवजा दिया जाए

यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो उपभोक्ताओं ने आंदोलन और उच्च अधिकारियों से शिकायत की चेतावनी दी है।

यह मामला केवल वजन की गड़बड़ी नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों पर सीधा प्रहार है।

अन्य खबरें