खैरवार (बैरागी) में 37वें अखंड नवधा रामायण समारोह का भव्य व सफल समापन, राममय हुआ पूरा क्षेत्र

खैरवार (बैरागी) में 37वें अखंड नवधा रामायण समारोह का भव्य व सफल समापन, राममय हुआ पूरा क्षेत्र


मुंगेली।
जिले के ग्राम खैरवार (बैरागी) में आयोजित 37वें अखंड नवधा रामायण समारोह 2026 का आज 15 जनवरी 2026 को धार्मिक विधि-विधान के साथ भव्य एवं सफल समापन हुआ। 6 जनवरी से प्रारंभ यह आयोजन पूरे दस दिनों तक श्रद्धा, भक्ति और रामनाम की अमृत धारा से सराबोर रहा।
अखंड नवधा रामायण समारोह के दौरान प्रतिदिन श्रीरामचरितमानस का भावपूर्ण पाठ, संगीतमय रामकथा एवं मानस मंडलियों द्वारा सस्वर गायन किया गया। आयोजन स्थल पर राम, लक्ष्मण, सीता एवं हनुमान जी की झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
समारोह के अंतर्गत 06 जनवरी को नवधा प्रारंभ, 14 जनवरी को भव्य जल यात्रा तथा 15 जनवरी को सहस्त्रधाराहोम एवं विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। सहस्त्रधाराहोम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई और ग्राम, क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस धार्मिक आयोजन में पुजारी श्री हरि वैष्णव, आचार्य पं. श्री रामअवतार तिवारी एवं पं. श्री विष्णु तिवारी (लालकापा वाले) का विशेष मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम का संचालन ग्रामवासियों एवं मानस प्रेमियों के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया।


आयोजन समिति द्वारा सभी मानस मंडलियों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक मंडली को ₹101 एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान दिया गया, वहीं मंडलियों की अनुशासित एवं मर्यादित प्रस्तुति की सराहना की गई।
समापन अवसर पर आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल सामाजिक एकता मजबूत होती है, बल्कि नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति और रामकथा से जोड़ने का कार्य भी होता है। समारोह के सफल आयोजन पर ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए आयोजन समिति को धन्यवाद ज्ञापित किया।


अखंड नवधा रामायण के समापन के साथ ही गांव खैरवार (बैरागी) एक बार फिर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

अन्य खबरें