अंबेडकर जयंती पर रायपुर में बसपा का शक्ति प्रदर्शन, राज्य में तीसरे मोर्चे की हुंकार,विशाल जनसभा आयोजित
रायपुर, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी द्वारा भव्य जोन स्तरीय जनसभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहर के बूढ़ा तालाब स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं आमजन शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहेब के विचारों को देश के लिए मार्गदर्शक बताते हुए सामाजिक न्याय और बहुजन हितों की राजनीति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
अपने भाषण में आकाश आनंद ने छत्तीसगढ़ में बसपा को मजबूत करने और आगामी चुनावों में सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का सपना तभी पूरा होगा जब समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को वास्तविक अधिकार और भागीदारी मिलेगी।
इस दौरान मंच पर पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन संघर्ष और योगदान को याद किया गया।
सभा में बसपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नीले झंडों और “जय भीम” के नारों के बीच पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें पार्टी ने अपने जनाधार को मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया।
इस विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से हजारों कार्यकर्ता रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल हुए जिसमें मुख्य रूप से मुंगेली जिला से 500 से भी ज्यादा लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए सूत्रों के अनुसार मुंगेली जिला के लोरमी, पथरिया, मुंगेली और जरहागांव सहित लालपुर क्षेत्र से एक-एक बसों में लोगों को सुविधा पूर्वक ले जाने जिले के पदाधिकारी को जिम्मेदारियां दी गई थी साथ ही सैकड़ो पार्टी समर्थक अपने स्व इच्छा और स्वयं के साधनों से रायपुर पहुंचे हुए थे इस कार्यक्रम को सफल बनाने जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आम जनों से सहयोग राशि भी इकट्ठा किया गया था यही वजह था कि यह कार्यक्रम सोच से ज्यादा विशाल और भव्य साबित हुआ भारी संख्या में उमड़े जैन सैलाब को देखकर आगामी दिनों में देश सहित छत्तीसगढ़ राज्य में बहुजन समाज पार्टी तीसरे मोर्चे के रूप में सामने आते दिखाई दे रही है
अंत में पार्टी नेताओं ने बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलने एवं सामाजिक समानता स्थापित करने के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
