भीषण गर्मी में राहत: नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला की पहल से बस स्टैंड का वाटर एटीएम चालू, अब मिलेगा मुफ्त शुद्ध पानी

मुंगेली।

नगर के बस स्टैंड में लंबे समय से खराब पड़े वाटर एटीएम के कारण यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को पेयजल की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। भीषण गर्मी के बीच शुद्ध पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता था या फिर मजबूरी में पानी खरीदकर पीना पड़ रहा था।

इस समस्या को लेकर वार्ड निवासी राहुल यादव ने वार्ड पार्षद सूरज यादव और नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने तत्काल बस स्टैंड पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को खराब पड़े वाटर एटीएम को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू हुआ और कुछ ही समय में वाटर एटीएम को पूरी तरह ठीक कर पुनः चालू कर दिया गया। इसके चालू होते ही बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों और आसपास के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें शुद्ध पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है।

वार्ड निवासी राहुल यादव ने बताया कि समस्या काफी दिनों से बनी हुई थी, लेकिन जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से इसका त्वरित समाधान हो सका। उन्होंने वार्ड पार्षद सूरज यादव और नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला का आभार व्यक्त किया।

वहीं नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर पानी की व्यवस्था सुचारू रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने जानकारी दी कि पहले इस वाटर एटीएम से पानी लेने पर शुल्क देना पड़ता था, लेकिन अब आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे पूरी तरह निशुल्क कर दिया गया है।

नगर पालिका की इस पहल से न केवल यात्रियों बल्कि स्थानीय व्यापारियों को भी बड़ी राहत मिली है और लोगों ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

अन्य खबरें