मुख्यमंत्री साय की ‘गौ धाम योजना’ गौवंश संरक्षण का क्रांतिकारी अध्याय: रत्नावली कौशल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति, किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद
मुंगेली/रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी गौ धाम योजना को गौवंश संरक्षण के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी पहल बताते हुए इसकी सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बेसहारा और घुमंतू गौवंश के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बनेगी।
रत्नावली कौशल ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत राज्य के सभी विकासखंडों में कुल 1,460 गौधाम स्थापित किए जाने की योजना है। इन गौधामों में बेसहारा, घुमंतू और परित्यक्त गौवंश को सुरक्षित आश्रय, पोषण, चिकित्सा और समुचित देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक गौधाम में लगभग 200 गौवंशों की क्षमता वाली आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनमें चारा भंडारण इकाइयां, पशु चिकित्सा केंद्र, स्वास्थ्य जांच प्रयोगशाला, शेड, फेंसिंग, पेयजल और बिजली की व्यवस्था शामिल रहेगी।
उन्होंने बताया कि गौधामों में गायों को गुणवत्तापूर्ण हरा और सूखा चारा, नियमित टीकाकरण तथा स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा दी जाएगी। साथ ही गोबर और गोमूत्र आधारित जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा और कृषि लागत में कमी आएगी।
रत्नावली कौशल के अनुसार, योजना के संचालन में पंजीकृत गौशाला समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनजीओ, ट्रस्ट, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों और सहकारी समितियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से घुमंतू पशुओं द्वारा फसलों को होने वाले नुकसान में कमी आएगी, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की यह योजना ग्रामीण संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गौ संरक्षण और ग्रामीण विकास के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो छत्तीसगढ़ को गौ-आधारित अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अग्रणी बनाएगी।
रत्नावली कौशल ने चरवाहों और गौसेवकों के लिए निर्धारित मानदेय का भी स्वागत किया और इसे सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी पहल बताया। उन्होंने महिलाओं और अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों से अपील की कि वे इस योजना से जुड़कर इसके सफल क्रियान्वयन में भागीदारी निभाएं।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को गौ धाम योजना के शुभारंभ के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण छत्तीसगढ़ के समग्र विकास और समृद्धि की दिशा में नई राह प्रशस्त करेगी। साथ ही भाजपा महिला मोर्चा इस योजना के प्रचार-प्रसार और सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
