एनएच-30 पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर से चालक स्टेयरिंग में फंसा

एनएच-30 पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर से चालक स्टेयरिंग में फंसा
डोंडीलोहारा क्षेत्र के चिल्फी घाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार देर रात एक गंभीर सड़क दुर्घटना घटित हुई। तेज रफ्तार में चल रहे दो भारी मालवाहक ट्रकों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया।

Oplus_131072

हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक का पैर स्टेयरिंग और लोहे के हिस्सों के बीच दब गया और वह दर्द से कराहता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिल्फी घाटी के मोड़दार हिस्से में ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे वाले ट्रक के परखच्चे उड़ गए और चालक केबिन में फंस गया।
सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से ट्रक के केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।
चिल्फी पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ पर ओवरटेक करना बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी और संवेदनशील मार्गों पर गति नियंत्रित रखें, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

अन्य खबरें